गोड्डा।प्रतिनिधि: जिला मुख्यालय के पास एक बार फिर अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। नगर थाना क्षेत्र के एनएच-133 पर गोपलाडीह गांव के समीप अज्ञात अपराधियों ने बाइक सवार युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान अमरपुर निवासी असगर अंसारी के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि शनिवार रात वह अपने साथी फुरकान के साथ एनएच-133 से गुजर रहा था, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने एक के बाद एक चार राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली असगर के पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी दिनेश महली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। शहर के नजदीक और नेशनल हाईवे पर हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
नगर थाना प्रभारी दिनेश महली ने बताया कि गोपलाडीह के पास फायरिंग की घटना हुई है। घायल को अस्पताल पहुंचा दिया गया है और उसकी हालत स्थिर है। मामले की जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।























