राजमहल। साहिबगंज संवाददाता : कोलकाता के प्रसिद्ध पियरलेस हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा शनिवार को राजमहल नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 3 स्थित जेके हाई स्कूल परिसर में हृदय रोग से संबंधित विशेष परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और दिल से जुड़ी विभिन्न बीमारियों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।शिविर के दौरान डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के लिए छोटे शहरों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता कम होने के कारण ऐसे शिविर क्षेत्र के लोगों के लिए काफी राहत लेकर आते हैं। इस शिविर में लगभग 28 से 30 मरीजों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य जांच कराई और परामर्श प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड नंबर 3 के पार्षद सन्नी कुमार साहा भी मौके पर पहुंचे और पूरे आयोजन का निरीक्षण किया। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर उनकी सेवा भावना की सराहना की और पियरलेस हॉस्पिटल की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजमहल जैसे सुदूर क्षेत्र में आकर इस प्रकार की स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना अत्यंत सराहनीय और जनहितकारी कार्य है। इससे क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलती है, जिन्हें सामान्यतः इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर वर्ष में 3 से 4 बार नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, तो इसका सीधा लाभ स्थानीय जनता को मिलेगा और लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों में उनके स्तर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
वहीं राजमहल के विधायक एम.टी. राजा वर्तमान में असम दौरे पर हैं, जहां वे विधानसभा चुनाव को लेकर व्यस्त हैं। कार्यक्रम में उनकी अनुपस्थिति के बावजूद उन्होंने फोन के माध्यम से पियरलेस हॉस्पिटल के डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया और इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद लाभकारी हैं और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहने चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस शिविर की सराहना करते हुए कहा कि हृदय रोग जैसी गंभीर समस्याओं के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों का राजमहल आना उनके लिए बड़ी सुविधा है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित होते रहेंगे, ताकि आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सके।






















