बाघमारा/धनबाद | संवाददाता
खानुडीह-गोमो रेलखंड अंतर्गत घोराठी के समीप अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर अब पहल तेज हो गई है।
धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने सोमवार को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को ज्ञापन सौंपकर इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया।
सांसद ने रेलमंत्री को अवगत कराया कि दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल अंतर्गत पोल संख्या 349/03/04 के पास स्थित समपार फाटक संख्या बीजी030 के बंद हो जाने से क्षेत्र की लगभग 50 हजार की आबादी का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
लोगों को दैनिक जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, खासकर छात्रों, मरीजों और कामकाजी लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि फाटक बंद होने के बाद स्थानीय लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में घोराठी के पास अंडरपास निर्माण की मांग लगातार उठाई है, यदि यहां अंडरपास का निर्माण हो जाता है तो न केवल हजारों लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, बल्कि यह मार्ग धनबाद और बोकारो जिले के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
मामले की गंभीरता को समझते हुए रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद को आश्वस्त किया कि इस दिशा में जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे। उनके इस आश्वासन से क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान खानुडीह पंचायत के समाजसेवी राजू शर्मा, संजय पांडेय, खुदू मंडल एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष बच्चू राय भी उपस्थित रहे।
वहीं, सांसद द्वारा जनहित से जुड़े इस मुद्दे को उठाए जाने पर स्थानीय ग्रामीणों ने उनका आभार जताया और जल्द समाधान की उम्मीद व्यक्त की है।
-रिपोर्टर मिलन पाठक




