राजमहल। राजमहल शहर स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में छात्राओं के लिए चार कमरों वाले नए क्लासरूम भवन का निर्माण कराया जाएगा। शनिवार को राजमहल विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने विद्यालय परिसर में प्रस्तावित भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के माध्यम से स्वीकृत इस योजना पर करीब 36 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नए भवन के निर्माण से विद्यालय में अतिरिक्त कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद विधायक ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर पठन-पाठन व्यवस्था, छात्राओं की सुरक्षा और विद्यालय में उपलब्ध अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और विद्यालय प्रबंधन से नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने की बात कही।
छात्राओं की सुरक्षा पर दिया विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान विधायक ने विद्यालय के ग्राउंड फ्लोर के बाहरी हिस्से का भी जायजा लिया। छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने खिड़कियों में जाली लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालय की आवश्यकताओं के अनुसार सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।
विद्यालय विकास को लेकर होगी प्रबंधन समिति की बैठक
विधायक ने कहा कि विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए जल्द ही विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में विद्यालय की वर्तमान जरूरतों की जानकारी लेकर प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी।
इस दौरान विद्यालय की प्राचार्य रीमा पाठक ने विधायक के समक्ष विद्यालय के मुख्य द्वार और चारदीवारी निर्माण की मांग रखी। विधायक ने दोनों मांगों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।
36 लाख से बनेगा चार कमरों का क्लासरूम
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के माध्यम से स्वीकृत योजना के तहत बनने वाले चार कमरों के नए भवन से विद्यालय में पठन-पाठन के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध होगा। इससे छात्राओं को कक्षाओं में बेहतर शैक्षणिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, प्राचार्य रीमा पाठक, प्रबंधन समिति अध्यक्ष मनोज कुमार यादव, जितेंद्र यादव, रतन राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
















